खेलने से पहले ही भारत के लिए इतिहास रच चुके वैभव सूर्यवंशी अब जब भारत के लिए खेलेंगे, तो सचिन के एक और मेगा रिकॉर्ड को हमेशा के लिए मिटाकर इस पर अपना नाम लिख देंगे
Vaibhav Sooryavanshi’s creates history: हाल ही में खत्म हुई इंडियन प्रीमियर लीग में कई इतिहास रचने वाले सुपर किड और विश्व क्रिकेट की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने एक और बड़ा इतिहास रच दिया है. अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे में खेले जाने वाली टी20 सीरीज सहित इसी साल एशियाई खेलों लिए वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में जगह दी, तो इसी के साथ ही यह लेफ्टी बल्लेबाज भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सचिन के कारनामे पर पानी फेरकर सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में जगह पाने वाला बल्लेबाज बन गया.
सचिन के इस रिकॉर्ड पर पानी फेरा!
भारतीय टी-20 टीम में चयन होते ही वैभव ने भारतीय टीम में सबसे कम उम्र में सचिन तेंदुलकर के कारनामे को मिटा दिया. सचिन जब पहली बार साल 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने गए थे, तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी, लेकिन शनिवार को टीम इंडिया के ऐलान के साथ ही वैभव ने 15 साल और 15 दिन की उम्र में ही भारतीय टीम का हिस्सा बनकर अब इस कारनामे पर अपना नाम लिखवा लिया. लेकिन यह वैभव के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड तोड़ने की शुरुआत भर है. वैभव के चाहने वाले सचिन का एक और रिकॉर्ड टूटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
जी हां, वैभव ने चयन के कारनामे में तो सचिन को पीछे छोड़ दिया, तो अब वह सबसे कम उम्र में भी भारत के लिए खेलने के मामले में सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए तैयार हैं. सचिन ने 18 दिसंबर साल 1989 को 16 साल और 238 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए पहला वनडे मैच खेला था. वहीं, अगर वैभव इसी महीने की 26 तारीख को अगर आयरलैंड के खिलाफ भारतीय इलेवन में शामिल होते हैं, तो वह 15 साल और 71 दिन की उम्र में भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे.
क्या तेंदलुकर के इस बड़े रिकॉर्ड को मिटा पाएंगे वैभव?
वैभव के टीम इंडिया में चयन के साथ ही अब करोड़ों भारतीय प्रशंसकों खासकर वैभव के चाहने वालों की उम्मीदें ही नहीं, बल्कि यह भरोसा भी हो चला है कि सूर्यवंशी अब सबसे कम उम्र में भारत के लिए शतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बनेंगे. जहां तक सचिन की बात है, तो उन्होंने 14 अगस्त, 1990 को 17 साल और 112 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में शतक जड़ा था. तब सचिन ने ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में 189 गेंदों पर बिना आउट हुए 119 रन बनाए थे.
हालांकि, वैभव ने पिछले साल आईपीएल में गुजरात के खिलाफ 28 अप्रैल को जब 38 गेंदों पर 101 रन बनाए थे, तो उन्होंने यह कारनामा 14 साल और 32 दिन की उम्र में किया था, लेकिन भारत के लिए शतक बनाना एक अलग उपलब्धि होगी. अच्छी बात यह है कि सचिन का सबसे कम उम्र में भारत के लिए शतक बनाने का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए वैभव के पास अच्छा-खासा समय है. और उम्मीद है कि सूर्यवंशी इसमें जरूर सफल रहेंगे

More Stories
अजय देवगन के बेटे का ट्रांसफॉर्मेशन देख होंगे हैरान, 15 साल के युग ने बनाए डोले शोले, मम्मी काजोल भी हुईं फैन
जाह्नवी कपूर और अनन्या पांडे को अभी 2-3 साल सीखनी चाहिए एक्टिंग’, शक्तिमान एक्टर बोले- स्टार किड्स को आसानी से मिल जाता है काम
World Environment Day 2026: ‘हद पार कर रहे हैं…ध्यान से सुनें’, आखिर किसने दे दिया ये अल्टीमेटम